कांकेर, 20 मार्च (आरएनएस)। खेतों में लगी बोर मशीनों की केबल चोरी कर किसानों को नुकसान पहुंचाने वाले संगठित गिरोह का पखांजूर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस गिरोह पर शिकंजा कसते हुए 2 नाबालिग समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ी संचालकों को भी पकड़ लिया गया है।
मामले की शुरुआत 19 मार्च को हुई, जब किसानों ने पखांजूर थाना पहुंचकर बोर मशीन के केबल वायर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने पूरे संगठित नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल से गांव-गांव घूमकर खेतों में लगे बोर मशीनों के केबल वायर चोरी करते थे। इसके बाद केबल को जलाकर उसमें से तांबा अलग किया जाता था और उसे कबाड़ी दुकानों में बेच दिया जाता था। शेष सामग्री आरोपियों द्वारा अपने घरों में छिपाकर रखी जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने 7-8 महीने पहले भानुप्रतापपुर क्षेत्र से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी चोरी की थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने इस मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों में राहुल दास (20 वर्ष), पिता प्रकाश दास, निवासी पीव्ही-40 पुरूषोत्तमनगर, थाना पखांजूर; राहुल क्षेत्री (19 वर्ष), पिता विरू क्षेत्री, निवासी पीव्ही-10 कृष्णानगर, थाना पखांजूर; और राकेश मंडल (20 वर्ष), पिता विश्वजीत मंडल, निवासी नयापारा अंतागढ़, थाना अंतागढ़ शामिल हैं।
वहीं चोरी का माल खरीदने के आरोप में कबाड़ी संचालक कलिंग महंत (58 वर्ष), पिता स्व. कंगाली महंत, निवासी पीव्ही-33 उदयपुर और परितोष बर (38 वर्ष), पिता मनिमोहन बर, निवासी ग्राम कापसी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 फीट केबल वायर और चोरी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पखांजूर, भानुप्रतापपुर और अंतागढ़ क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के पकड़े जाने से कई वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

