-पुलिस ने तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार, नकदी व कार बरामद
अयोध्या 20 मार्च (आरएनएस)। कोतवाली नगर पुलिस ने टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भाजपा कार्यालय के पास की गई। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 6200 रूपये नकद, एक अवैध असलहा (हथियार) और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। इस पूरे मामले का खुलासा सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी ने किया। गिरोह की कार्यप्रणाली का पता तब चला जब गोसाईगंज के एक व्यक्ति ने इनकी टैक्सी ली। ड्राइवर ने चालाकी से चेकिंग का बहाना बनाया और पीडि़त से कहा कि अपने पैसे एक लिफाफे में रखकर डैशबोर्ड में रख दे। पीडि़त के पास उस वक्त करीब 20,000 रूपये थे, जिसे उसने लिफाफे में डालकर रख दिया। जब पीडि़त अपनी मंजिल पर उतर रहा था, तो टप्पेबाजों ने बड़ी सफाई से असली लिफाफा बदल दिया और मौके से फरार हो गए।पीडि़त की शिकायत के बाद कोतवाली नगर में तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया। गहन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने इस गिरोह का पता लगाया और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रयागराज और प्रतापगढ़ के निवासी हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से दो आरोपियों पर पहले से ही प्रयागराज और लखनऊ में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

