-चौकीदारों को मिला सुरक्षा सामान
मिल्कीपुर, अयोध्या 20 मार्च (आरएनएस)। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में शुक्रवार को थाना इनायतनगर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी के साथ नवनिर्मित प्रभारी निरीक्षक कक्ष का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर थाना परिसर में पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। लोकार्पण के बाद एसएसपी ने थानाक्षेत्र के विभिन्न गांवों में तैनात चौकीदारों को टार्च, डंडा और साफा वितरित किया। उन्होंने कहा कि चौकीदार ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इससे रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर में चंदन और कपूर के पौधों का रोपण भी किया, साथ ही उन्होंने थाना परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर अजय कुमार सिंह, एसडीएम मिल्कीपुर सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष इनायतनगर रतन कुमार शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों में श्याम नारायण पाठक, अशोक मिश्र, गजेंद्र सिंह, रंजीत सिंह, अरुण गुप्ता और श्रवण जीत कनौजिया आदि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

