लखनऊ ( आरएनएस ), 20 मार्च, 2026नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय द्वारा यशोभूमि में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट-2026 में सहभागिता करते हुए उत्तर प्रदेश की ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में तेजी से अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार उपभोक्ताओं को सस्ती, सतत और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उच्च मानकों पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गर्मी के दौरान प्रदेश ने देश की सर्वाधिक विद्युत मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया और इस वर्ष इससे अधिक मांग के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।मंत्री ने बताया कि बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले एक वर्ष में लगभग 4000 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता जोड़ी गई है, जबकि चालू वर्ष में 5000 मेगावाट से अधिक नई क्षमता स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश प्रतिदिन सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना के मामले में देश में प्रथम स्थान पर है।उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बड़े स्तर के सौर ऊर्जा पार्क, पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं और बैटरी भंडारण प्रणाली पर तेजी से कार्य हो रहा है, जिससे भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को स्थायी रूप से पूरा किया जा सके। ग्रीन ऊर्जा कॉरिडोर-2 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय कार्य किया है और ग्रीन ऊर्जा कॉरिडोर-3 परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह भी किया गया है।मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि राज्य के विद्युत संयंत्र अब तक के उच्चतम 85 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर पर संचालित हो रहे हैं तथा वितरण हानियों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। प्रदेश में लगभग 20 प्रतिशत उपभोक्ताओं के यहां प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बड़ी संख्या में उपभोक्ता डिजिटल माध्यम से बिल भुगतान कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक उपभोक्ता को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना है, जिसके लिए ऊर्जा क्षेत्र में निरंतर सुधार, नवाचार और निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर, अन्य राज्यों के ऊर्जा मंत्री, अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) नरेंद्र भूषण, चेयरमैन आशीष गोयल, प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

