लखनऊ 26 जून (आरएनएस )। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने मैलानी-नानपारा मीटर गेज रेलखंड पर यात्रा करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए पैसेंजर ट्रेनों की समय-सारिणी में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रसन्न कात्यायन के निर्देशन में किया गया यह संशोधन 28 जून 2026 से प्रभावी होगा। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव से ट्रेनों का संचालन अधिक संतुलित होगा, विभिन्न ट्रेनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से नियमित यात्रियों और स्थानीय लोगों की ओर से मैलानी-नानपारा खंड पर संचालित पैसेंजर ट्रेनों के समय में बदलाव की मांग की जा रही थी। विशेष रूप से विभिन्न ट्रेनों से मैलानी पहुंचने वाले यात्रियों को आगे की ट्रेन पकडऩे में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नई समय-सारिणी तैयार की गई है।संशोधित समय के अनुसार ट्रेन संख्या 52262 मैलानी-नानपारा पैसेंजर अब सुबह 8:50 बजे के स्थान पर 10:50 बजे मैलानी से रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 52264 मैलानी-नानपारा पैसेंजर का प्रस्थान समय 7:35 बजे से बदलकर 7:05 बजे कर दिया गया है।रेलवे का कहना है कि पहले दोनों पैसेंजर ट्रेनों के प्रस्थान के बीच केवल एक घंटा 15 मिनट का अंतर था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह अंतर बढ़कर तीन घंटे 45 मिनट हो जाएगा। इससे एक ही दिशा में चलने वाली ट्रेनों का संचालन अधिक व्यवस्थित होगा और यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा का बेहतर विकल्प मिलेगा।नई समय-सारिणी का सबसे अधिक लाभ पीलीभीत से ट्रेन संख्या 55357 द्वारा सुबह 9:40 बजे मैलानी पहुंचने वाले यात्रियों को मिलेगा। पहले इन यात्रियों को आगे की ट्रेन पकडऩे में परेशानी होती थी, लेकिन अब उन्हें 10:50 बजे रवाना होने वाली मैलानी-नानपारा पैसेंजर ट्रेन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।इसी प्रकार गोरखपुर, लखनऊ और सीतापुर से आने वाली ट्रेन संख्या 15009 सुबह 10:00 बजे मैलानी पहुंचती है। नई समय-सारिणी लागू होने के बाद इस ट्रेन से आने वाले यात्री भी आसानी से ट्रेन संख्या 52262 के माध्यम से नानपारा और बीच के स्टेशनों तक अपनी यात्रा जारी रख सकेंगे। इससे रेल संपर्क और अधिक सुगम होगा।रेलवे प्रशासन का मानना है कि समय-सारिणी में यह बदलाव केवल ट्रेनों के समय बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे मैलानी-नानपारा मीटर गेज खंड पर यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, कम प्रतीक्षा समय और अधिक सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी होगी।
28 जून से लागू होगी नई समय-सारिणी
नई व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 52262 (मैलानी-नानपारा पैसेंजर) सुबह 10:50 बजे मैलानी से रवाना होकर भीराखेरी, पलिया कलां, दुधवा, बेलरायां, तिकुनिया, खैराटिया बांध रोड, मंझरा पूरब, बिछिया, निशानगाढ़ा, मुर्तिहा, ककरहा रेस्ट हाउस, मिहिनपुरवा, गायघाट हाल्ट और रायबोझा होते हुए शाम 5:50 बजे नानपारा पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 52264 (मैलानी-नानपारा पैसेंजर) अब सुबह 7:05 बजे मैलानी से रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे नानपारा पहुंचेगी।
वहीं वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 52261 (नानपारा-मैलानी) सुबह 7:20 बजे नानपारा से चलकर दोपहर 1:55 बजे मैलानी पहुंचेगी, जबकि गाड़ी संख्या 52263 (नानपारा-मैलानी) सुबह 11:10 बजे नानपारा से रवाना होकर शाम 5:55 बजे मैलानी पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे 28 जून 2026 से लागू होने वाली नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नई व्यवस्था से मैलानी-नानपारा रेलखंड पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, संतुलित और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

