रामानुजगंज, 21 मार्च (आरएनएस)। सूर्य उपासना के महापर्व चैती छठ को लेकर नगर में तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। नगर पालिका प्रशासन द्वारा व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के निर्देश पर नगर के प्रमुख छठ घाट, कन्हर नदी स्थित राम मंदिर घाट में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए अस्थायी पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही घाट को व्यवस्थित और सुरक्षित स्वरूप दिया जा रहा है।
चार दिवसीय इस महापर्व के अंतर्गत 24 मार्च को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य अर्पित करेंगे, जबकि 25 मार्च को उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रत का समापन करेंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि छठ पर्व के दौरान नगर में हर वर्ष अद्भुत आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रामानुजगंज में कई दशकों से छठ पर्व की विशेष रौनक देखने को मिलती है। यहां के छठ पर्व को देखने के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के साथ पार्षद सुमित गुप्ता, अर्जुन दास, अमित गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, सब इंजीनियर प्रकाश रंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि छठ घाट का निरीक्षण करने पहुंचे।
0

