डेजॉन ,21 मार्च । दक्षिण कोरिया के मध्य स्थित डेजॉन में शनिवार देर रात को एक कार पार्ट्स फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 59 अन्य घायल हो गए। घायलों में 25 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर के समय लगी। गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन विभाग ने शनिवार सुबह 5 बजे तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि की। घायलों में 34 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल 25 लोगों का इलाज जारी है।
समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 170 कर्मचारी मौजूद थे। राहत और बचाव अभियान के दौरान एक शव दूसरी मंजिल से और तीन शव तीसरी मंजिल से बरामद किए गए। अभी भी चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दमकल कर्मियों को आग बुझाने और बचाव कार्य में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इमारत के ढहने का खतरा होने के कारण वे तुरंत अंदर प्रवेश नहीं कर सके। इसके अलावा फैक्ट्री में करीब 200 किलोग्राम सोडियम का भंडार था, जिससे विस्फोट का खतरा बना हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने अधिकारियों को सभी संसाधनों, कर्मियों और आधुनिक उपकरणों के साथ राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
00

