कोंडागांव, 21 मार्च (आरएनएस)। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं समीपस्थ प्राथमिक विद्यालयों में ‘बाल मैत्री (बडी-बडी) कार्यक्रम के तहत बच्चों को विद्यालयों का भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में कोंडागांव परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी के बच्चों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालयों में ले जाकर वहां के वातावरण से परिचित कराया गया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं शैक्षणिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के आंगनबाड़ी बच्चों को आगामी शाला प्रवेश के लिए मानसिक रूप से तैयार करने तथा विद्यालय के प्रति उनके मन में सहजता और भयमुक्त वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
०

