बीजापुर, 21 मार्च (आरएनएस)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दंतेवाड़ा संतोष कुमार आदित्य द्वारा उप जेल बीजापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य जेल की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष मूल्यांकन करना रहा। निरीक्षण दल में जिला विधिक सेवा समिति दंतेवाड़ा के सचिव अमनदीप तिर्की तथा बीजापुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रोजमीन राजेश खाखा भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल के सभी बंदी वार्डों का गहन एवं सूक्ष्म निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा न्यायालय में पेशी से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। बंदियों द्वारा किसी प्रकार की शिकायत प्रस्तुत नहीं की गई, तथा मिलने वाली सुविधाओं से अधिकारियों को अवगत कराया जेल प्रशासन द्वारा मूलभूत सुविधाओं का समुचित प्रबंधन किया जा रहा है। अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन एवं समग्र प्रशासनिक व्यवस्था का भी जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जेल प्रशासन की सराहना की। यह आकस्मिक निरीक्षण बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा एवं सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
०

