गरियाबंद 21 मार्च (आरएनएस)नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गरियाबंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाए जा रहे गांजे की खेप को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पकड़ा गया, जहां तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों का मादक पदार्थ और वाहन जब्त किया गया।
मामला 21 मार्च 2026 का है, जब मैनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से लगातार दो अलग-अलग सूचनाएं मिलीं कि उड़ीसा से गांजा लाकर मोटरसाइकिल के जरिए मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमें बनाकर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
पहली कार्रवाई ग्राम झरियाबाहरा से नगरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर की गई, जहां एक संदिग्ध पल्सर बाइक को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर सवार दो युवकों, सरजन कुमार विश्वकर्मा और दिलीप बारोड़ के कब्जे से 14.075 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 7 लाख 3 हजार 750 रुपये आंकी गई, वहीं बाइक सहित कुल जप्ती 8 लाख 53 हजार 750 रुपये की रही।
इसी क्रम में दूसरी सूचना पर मैनपुरकला मोड़ के पास पुलिस ने एक और बाइक सवार आरोपी अंकुर को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये है। बाइक सहित कुल जब्ती करीब 3 लाख 75 हजार रुपये की रही।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी उड़ीसा से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश में सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
लगातार मिल रही इन कामयाबियों से साफ है कि गरियाबंद पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पूरी तरह सक्रिय है। यह कार्रवाई उन तस्करों के लिए कड़ा संदेश है, जो युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं—अब कानून का शिकंजा और भी मजबूत हो चुका है।

