देहरादून,21 मार्च (आरएनएस)। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में हाइब्रिड मैटेरियल्स विषय पर तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शनिवार को समापन हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए नेशनल फिजिकल लैबोरेट्री के वैज्ञानिक डॉ भानुप्रताप सिंह ने कहा कि आज का युग तेजी से हो रहे तकनीकी विकास का युग है, जहां तकनीक केवल सुविधाएं प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज, उद्योग और अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सम्मेलन में 10 तकनीकी सत्रों में 60 शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें नैनो टेक्नोलॉजी, स्मार्ट मटेरियल्स, ऊर्जा भंडारण प्रणालियां, हरित तकनीक, औद्योगिक नवाचार और अनुसंधान में नई विधियों से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। सम्मेलन में स्कॉटलैंड के यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्रैथक्लाइड के प्रो. डिनो जारोसिंस्की, आईआईटी रोपर के प्रो.गगन कुमार, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर क्लीन एनर्जी रिसर्च के निदेशक डॉ बी.एस नेगी, डिपार्टमेंट हेड डॉ फतेह सिंह गिल के साथ अन्य शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

