सुकमा, 22 मार्च (आरएनएस)। जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों की साजिश को विफ ल कर दिया है। सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने तीन शक्तिशाली आईईडी बरामद किए, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, 226 बटालियन की टीम सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान जगरगुंडा-नरसापुरम मार्ग पर माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी का पता चला। ये विस्फोटक सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से लगाए गए थे, जिनका वजन 1 किलो, 2 किलो और 4 किलो था। बरामदगी के बाद बम निरोधक दस्ता, डीएसएमडी और डॉग स्क्वायड की मदद से इन आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के बाद सर्चिंग टीम सुरक्षित वापस लौट आई। इस घटना से इलाके में नक्सलियों की सक्रियता का संकेत मिलता है। वहीं, सुरक्षाबलों ने 31 मार्च तक क्षेत्र को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है।
000

