महासमुंद, 22 मार्च (आरएनएस)। जिले के खल्लारी स्थित प्रसिद्ध मंदिर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब मंदिर में चल रहे रोप-वे का केबल अचानक टूट गया। घटना के समय ट्रॉली में श्रद्धालु सवार थे, जिससे मौके पर अफ रा-तफ री मच गई। केबल टूटने के बाद ट्रॉली अचानक झटके के साथ नीचे आ गई, जिससे उसमें बैठे कई लोग घायल हो गए। चैत्र नवरात्र के चलते मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हुए थे, जिसके कारण हादसे के बाद कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन और पुलिस टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 5 से 6 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद महासमुंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रोप-वे की सुरक्षा और नियमित जांच में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।
000

