उज्जैन ,22 मार्च (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कैंपस के भीतर एक वार्डन द्वारा नाबालिग छात्र की बेरहमी से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना चिंतामन गणेश मंदिर रोड स्थित संस्थान परिसर की है। वायरल वीडियो में वार्डन, जिसकी पहचान दत्ता दास शेवड़े के रूप में हुई है, छात्र को लाठी से लगातार मारते हुए नजर आ रहा है। इस दौरान छात्र दर्द से चीखता और कराहता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वार्डन छात्र से अनुशासन से जुड़े एक मामले में पूछताछ कर रहा था। छात्र पर आरोप था कि वह दूसरे छात्र के बिस्तर पर सोया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
वीडियो कथित तौर पर उसी कमरे में मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक संस्थान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि यह प्रतिष्ठान भारत सरकार के अधीन संचालित एक आवासीय वैदिक शिक्षण संस्थान है, जहां देशभर से छात्र अध्ययन के लिए आते हैं और सख्त दिनचर्या का पालन करते हैं।
इस घटना के सामने आने के बाद छात्र सुरक्षा और संस्थान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

