महासमुंद ,22 मार्च (आरएनएस)। महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुए रोप-वे हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। इस दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, इस हादसे की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। वहीं, मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय श्रद्धालुओं में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है। सभी लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

