अल्मोड़ा,22 मार्च (आरएनएस)। सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर जनपद में स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। इस अवधि में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने की दिशा में कई कदम उठाए गए, जिनका लाभ आमजन को मिला है। बीते चार वर्षों में 14,827 गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क संस्थागत प्रसव की सुविधा दी गई। साथ ही 169 उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित कर वहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनपद के सात आयुष्मान आरोग्य मंदिर राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के तहत प्रमाणित किए गए हैं, जबकि 46 चिकित्सालयों को कायाकल्प अवार्ड मिला है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर को उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित किया गया है। जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन और मेडिकल कॉलेज में एमआरआई सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा 50 बेड का क्रिटिकल केयर अस्पताल निर्माणाधीन है। टीबी मुक्त अभियान के तहत 261 ग्रामों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। साथ ही डायलिसिस सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन प्रयासों से जनपद में बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

