रायपुर, 22 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित अमलीडीही महात्मा गांधी नगर गली नंबर 01 में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां घर में निर्माणाधीन पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, मासूम इराज साहू घर में अपनी दादी के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खेलते-खेलते निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। घटना इतनी अचानक हुई कि परिजनों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बच्चे की मां काम पर गई हुई थी। जब परिजनों को घटना का पता चला तो तुरंत बच्चे को निकालकर अस्पताल ले जाया गया। उसे गंभीर हालत में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल यह हादसा एक बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करता है, जहां घर में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
त्रिपाठी
०


