यश की अपकमिंग फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स सुर्खियों में है। फिल्म के मेकर्स हर दिन इसकी अपडेट दे हैं। हाल ही में फिल्म का टीजर जारी हुआ है जिसे दर्शकों ने पसंद किया है। अब मेकर्स ने फिल्म के एक और कलाकार का लुक जारी किया है। मेकर्स ने फिल्म से अक्षय ओबेरॉय का लुक जारी किया है।
केवीएन प्रोडक्शन ने अपने इंस्टाग्राम पर अक्षय ओबेरॉय का लुक जारी किया है। इसमें वह टोनी के रूप में नजर आ रहे हैं। पोस्टर में टोनी भूरे रंग के ड्रेस में हैं। वह खून से लथपथ हैं। पोस्टर में देखा जा सकता है कि उनके आस-पास कई घायल लोग पड़े हुए हैं। इन लोगों के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हैं।
फिल्म में यश, राया और टिकट के डबल रोल में नजर आएंगे। हाल ही में रिलीज हुए टीजर में राया पर ज्यादा फोकस किया गया है। इसमें उन्हें एक खतरनाक गैंगस्टर के तौर पर दिखाया गया। टीजर में भरपूर एक्शन है।
मेकर्स ने फिल्म से कई कलाकारों के लुक शेयर किए हैं। इसमें नादिया के रोल में कियारा आडवाणी, गंगा के रोल में नयनतारा, एलिजाबेथ के रोल में हुमा कुरैशी, रेबेका के रोल में तारा सुतारिया, टोविनो थॉमस, डेरेल डीसिल्वा और मेलिसा के रोल में रुक्मिणी वसंत होंगी।
फिल्म टॉक्सिक को यश और डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखा है। यह फिल्म 1940 और 1970 के दशक के बीच गोवा में सेट है। कन्नड़ और इंग्लिश में एक साथ शूट की गई यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगू और मलयालम जैसी भाषाओं में 4 जून 2026 को रिलीज होगी।

