प्रतापगढ़ 23 March, (Rns) : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। उनका शव बोरे में भरकर नहर में फेंका गया था। इस मामले में पुलिस ने मृतक की कथित प्रेमिका सुमन को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
यह घटना मांधाता कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुर गांव की है। 18 मार्च को मुन्ना अचानक लापता हो गए थे। बाद में सुमेरपुर गांव के पास नहर में एक संदिग्ध बोरा मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बोरा खोलने पर उसमें मुस्तका गुलशन का शव बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि मुन्ना अपनी प्रेमिका सुमन से मिलने गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया गया।
मुस्तका गुलशन वर्ष 2016 में मिश्रपुर गांव के प्रधान रह चुके थे। उनके परिजनों ने 18 मार्च को ही उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर सुमन तक पहुंच बनाई और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, मुस्तका गुलशन ने दो शादियां की थीं। उनकी पत्नियां किस्मतुल निशा और अम्बिया बानो एक साथ रहती थीं। मृतक के कुल 18 बच्चे हैं, जिनमें दोनों पत्नियों से 9-9 बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला 18 मार्च को अपने मायके आई थी और उसने मुन्ना को मिलने के लिए बुलाया। इसी दौरान महिला के साथियों और उसके भाई ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

