बालोतरा ,23 मार्च (आरएनएस)। राजस्थान के बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। खारापार गांव के मलवा गोयलान में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी, जो एक सरकारी शिक्षक है, को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान : 21 वर्षीय महेंद्र कुमार, पुत्र पेमाराम मेघवाल, निवासी मलवा गोयलान। हत्या का कारण : प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की पत्नी अनु देवी और तिलवाड़ा निवासी शिक्षक अमराराम के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। महेंद्र इस रिश्ते में बाधक बन रहा था।
वारदात की पृष्ठभूमि : महेंद्र और अनु की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन अनु इस विवाह से असंतुष्ट थी और अधिकांश समय अपने पीहर (बागुंडी) में रहती थी। कुछ दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
गिड़ा थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी अनु देवी और उसके प्रेमी अमराराम (शिक्षक, राजकीय विद्यालय चिडिय़ा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर महेंद्र की गला घोंटकर हत्या की थी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगामी कानूनी जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

