कोरबा, 23 मार्च (आरएनएस)। जिले में गौ तस्करी की आशंका को लेकर रविवार देर रात जमकर विवाद हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन मुख्य मार्ग पर दो गुटों के बीच तीखी बहस और झड़प की स्थिति बन गई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, गौ सेवकों को माजदा वाहन (क्रमांक सीजी 12 बीव्ही 4529) में मवेशियों के परिवहन की सूचना मिली थी। उन्होंने रिसदी चैक के पास वाहन को रोककर जांच की, जिसमें आधा दर्जन से अधिक भैंस और बछड़े भरे हुए पाए गए। चालक से पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि मवेशियों को गोकुलनगर स्थित एक खटाल से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। वहीं, गौ सेवकों को तस्करी की आशंका होने पर मामला बढ़ गया। इस बीच खटाल संचालक भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। जांच के दौरान मवेशी मालिक द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि मवेशियों को वैध रूप से स्थानांतरित किया जा रहा था।
घटना के दौरान वाहन चालक के साथ मारपीट की भी जानकारी सामने आई है। चालक की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, मवेशियों से भरे वाहन के चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच जारी है।
0

