०राजस्व पखवाड़ा के आयोजन को लेकर दिए दिशा-निर्देश
कोण्डागांव, 23 मार्च (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने आगामी माह से राज्य शासन के निर्देशानुसार आयोजित किए जाने वाले राजस्व पखवाड़ा के संबंध में जानकारी देते हुए निर्देशित किया कि इस दौरान राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने, विशेष रूप से फौती नामांतरण एवं बंटवारा के प्रकरणों का ग्राम पंचायतों के समन्वय से निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में राशन सामग्री की उपलब्धता की जानकारी ली तथा जरूरत के अनुसार समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों एवं माताओं को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, जल जीवन मिशन एवं होम स्टे योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
०००००

