पश्चिम मेदिनीपुर 23 मार्च (आरएनएस)। चुनावी माहौल के बीच खडग़पुर टाउन थाना के सामने उस समय राजनीतिक गर्मी बढ़ गई, जब भाजपा नेता दिलीप घोष ने मंच से पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला और विवादित बयान दे डाला। आज सुबह खडग़पुर शहर के गेट बाजार मे एक जनसंपर्क कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने आरोप लगाया कि स्थानीय थाना के आईसी भाजपा कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कथित तौर पर कार्यकर्ताओं से कह रहे हैं कि वे तृणमूल कांग्रेस के साथ काम करें, नहीं तो उन्हें गोली मार दी जाएगी। इसी मुद्दे पर आक्रामक होते हुए दिलीप घोष ने कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया और पुलिस अधिकारी को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वे किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं और पहले भी खडग़पुर में बड़े-बड़े गुंडों का सामना कर चुके हैं। अपने भाषण में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी गुंडों और माफियाओं के सहारे चुनाव जीतती रही है और अब भी ऐसे तत्वों को संरक्षण दे रही है। दिलीप घोष ने दावा किया कि खडग़पुर की जनता ने उन्हें पहले भी इसलिए समर्थन दिया था क्योंकि उन्होंने इलाके में आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी वे इसी तरह सख्त रुख अपनाएंगे और हिसाब बराबर करेंगे। राजनीतिक माहौल गरमाया इस बयान के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।अब देखना होगा कि इस बयान के बाद चुनावी माहौल में क्या नया मोड़ आता है।

