कोरिया, 23 मार्च (आरएनएस)। शहादत दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के एमसीबी और कोरिया जिले सहित पूरे प्रदेश में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद करते हुए उनके छायाचित्र के सामने कैंडल जलाकर नमन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार साथियों और आम नागरिकों ने भाग लिया और शहीदों की वीरता व बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारत माता की जय और शहीदों अमर रहे जैसे नारों के साथ देशभक्ति का वातावरण बनाया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान देश के लिए प्रेरणा है और हमें उनके आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है। सभी ने एकजुट होकर देश के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को हमेशा याद रखने का संदेश दिया।


