भिलाई, 23 मार्च (आरएनएस)। जामा मस्जिद दुर्ग के इमाम रहे हजरत अफजलुद्दीन हैदर का उर्स मुबारक सोमवार को सुबह कब्रिस्तान हैदरगंज में मनाया गया। उर्स में दुर्ग-भिलाई के अलावा आसपास के क्षेत्रों से हजरत हैदर के चाहने वाले अकीदतमंद बड़ी तादाद में इक_ा हुए। यहां सुबह 7 बजे से कुरआन ख्वानी के साथ आयोजन शुरू हुआ। उर्स में फातिहा ख्वानी हुई और हजरत हैदर की हालाते-जिंदगी पर आलिमे दीन ने रोशनी डाली। यहां हजरत हैदर के बेटे और जामा मस्जिद सेक्टर-6 के साबिक इमाम मरहूम हाफिज अजमलुद्दीन हैदर को भी लोगों ने याद किया।
उर्स बड़ी कामयाबी के साथ सुबह 11.30 बजे तक चला। उर्स में तमाम मरहूमिन के इसाले सवाब के लिए 730 खत्म ए क़ुरआन शरीफ़, करोड़ो की तादात में दरूद, कलमा शरीफ़ और हजारों की तादात में मुख्तलिफ सिपारे बख्शे गए। उर्स का आगाज़ परचम कुशाई व तिलावते क़ुरआन से हुआ। तिलावत हजऱत हैदर के नवासे सैय्यद अहद अली ने की।
इस दौरान मौलाना ताज़ीम अहमद मस्जिद शेर ऐ खुदा और मौलाना रिज़वान अशरफी केलाबाड़ी दुर्ग ने हजऱत अफजलुद्दीन हैदर की हालात ऐ जि़न्दगी पर रोशनी डाली। वहीं महफिल में नात ओ मनकबत पेश किए गए। जलसे की निज़ामत मौलाना गुलाम मोहियुद्दीन ने की। दुर्ग-भिलाई की तमाम मस्जिदों-मदरसों के इमाम व उस्ताद इस इजलास में शरीक हुए। इनमें मुफ़्ती जलालुद्दीन,मुफ़्ती ज़ामी क़मर अशरफी, कारी शराफ़त राजा,मौलाना अरशद रजा चरोदा, मुफ़्ती सलीम जामा मस्जिद दुर्ग, मौलाना मंसूर रज़ा तकिया पारा दुर्ग, इक़बाल अंजुम अशरफी इमाम जामा मस्जिद सेक्टर-6, कब्रिस्तान कमेटी के मुर्तुज़ा हुसैन, मिर्जा आसिम बेग सदर जामा मस्जिद सेक्टर 6, राजू सदर नूरी मस्जिद फरीद नगर, इरफान खान सदर कैम्प 1 मस्जिद, शमीम , शब्बू, करबला कमेटी के गुलाम सैलानी, अतहर खान, सैय्यद राशिद आली, आलम सहित दुर्ग, राजनांदगांव चरोदा व अन्य जगहों से हजऱत के चाहने वाले बड़ी तादाद में चादर-शीरनी लेकर शामिल हुए। हजऱत के परिवार की ओर से मोहम्मद अरशदउद्दीन हैदर और मोहम्मद असदउद्दीन ने आने वाले तमाम ज़ायरीन का शुक्रिया अदा किया।
0

