नई दिल्ली ,24 मार्च,(आरएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुलिस की नाक के नीचे बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। सीलमपुर फ्लाईओवर के पास, डीसीपी ऑफिस से महज कुछ मीटर दूरी पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार पिता-पुत्र से करीब 1 किलो सोना लूट लिया, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर शाहदरा निवासी अनेष बंसल और उनका बेटा प्रथम बंसल चांदनी चौक के कुचा महाजनी से स्कूटी पर लौट रहे थे। देर रात करीब 10 बजे जैसे ही वे सीलमपुर फ्लाईओवर पार कर डीसीपी ऑफिस के पास पहुंचे, पीछे से आई काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
इसके बाद स्कॉर्पियो से उतरे 2-3 बदमाशों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। प्रथम बंसल ने हेलमेट से बदमाशों का मुकाबला भी किया, लेकिन आरोपित उनके पास रखा 1 किलो सोना, सोने की चेन, मोबाइल और स्कूटी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सोना अगले दिन डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है। इतनी बड़ी वारदात डीसीपी ऑफिस के पास होने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

