कांकेर 24 मार्च 2026(आरएनएस) उजियारा अभियान के बीच भानुप्रतापपुर में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर सीधा वार किया है। गुप्त सूचना पर की गई रेड में एक आरोपी को रंगे हाथ 6 लीटर देशी महुआ शराब के साथ दबोच लिया गया। कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि इलाके में अवैध धंधे अब पुलिस की नजर से बच नहीं पाएंगे।
उत्तर बस्तर कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सख्ती दिखाई है। मंगलवार को पुलिस टीम ने संजयपारा इलाके में दबिश देकर एक व्यक्ति को अवैध महुआ शराब बेचते हुए पकड़ लिया। मौके से 6 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई, जिसे आरोपी बिक्री के लिए छिपाकर रखा हुआ था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत की गई। थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर रेड प्लान की और मौके पर आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञानेश्वर बघेल (41) निवासी संजयपारा, भानुप्रतापपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी अवैध रूप से शराब बेचने की बात सामने आई है, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही जब्ती और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बरामद शराब को गवाहों के सामने सील कर जब्त किया गया, जिससे केस को मजबूत आधार मिल सके।

