अल्मोड़ा,24 मार्च (आरएनएस)। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बुधवार को मल्ला महल में भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से जनहितकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार अपनी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न विभाग अपने-अपने कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करेंगे, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ मल्ला महल में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सिटिंग व्यवस्था, मंच, ध्वनि प्रणाली और साफ-सफाई के संबंध में निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि यह योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी विभाग अपनी योजनाओं की पूरी जानकारी लोगों के साथ साझा करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

