अल्मोड़ा,24 मार्च (आरएनएस)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने मंगलवार को पुलिस दूरसंचार कार्यालय स्थित जिला कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और डायल 112 का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संचार प्रणाली, उपकरणों की स्थिति और ड्यूटी पर तैनात कार्मिकों की सतर्कता की समीक्षा करते हुए व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को संचार तंत्र को सुदृढ़ और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर शहर की यातायात व्यवस्था की मॉनिटरिंग को परखा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई और तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। साथ ही जाम, नो पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डायल 112 शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कॉल रिस्पॉन्स टाइम और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए प्रत्येक कॉल पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं मिल सकें। एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा तथा आधुनिक तकनीकों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, निरीक्षक दूरसंचार उमाशंकर पांडे, प्रभारी निरीक्षक यातायात दरबान सिंह मेहता, उपनिरीक्षक राहुल राठी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

