० वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले ही बनाया कीर्तिमान, भारतीय रेलवे में शीर्ष स्थान बरकरार
बिलासपुर, 24 मार्च (आरएनएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक बार फिर भारतीय रेलवे में अपनी नंबर-वन स्थिति कायम रखते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जोन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्त होने से 10 दिन पहले ही 21 मार्च तक 29,493.59 करोड़ रुपए का सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित कर रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे देश में सबसे अधिक माल राजस्व अर्जित करने वाला जोन बन गया है। भारतीय रेलवे के कुल माल राजस्व में इसका योगदान 17.13 प्रतिशत रहा है। साथ ही पिछले वर्ष की तुलना में 1026 करोड़ रुपए यानी 3.6 प्रतिशत की वृद्धि भी दर्ज की गई है। माल परिवहन के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि नेट टन किलोमीटर के मामले में भी जोन ने नया इतिहास रचा है। 22 मार्च तक 146.75 बिलियन एनटीकेएम हासिल कर एसईसीआर ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है, जो पिछले वर्ष से 3.8 प्रतिशत अधिक है। रेलवे ने अधोसंरचना विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। कई प्रमुख रेल मार्गों पर तीसरी और चौथी लाइन का विस्तार किया गया है, जिससे माल ढुलाई और समयबद्ध संचालन में सुधार हुआ है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए त्योहारों और विशेष अवसरों पर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन भी किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। इन उपलब्धियों का श्रेय महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के नेतृत्व, बेहतर प्रबंधन और कर्मचारियों की मेहनत को दिया जा रहा है, जिनके प्रयासों से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यह मुकाम हासिल किया है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

