0बसना के इंद्रपुर गांव की घटना, पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया मामला
महासमुंद,24 मार्च (आरएनएस)। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के इंद्रपुर गांव में एक युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम इंद्रपुर निवासी 21 वर्षीय युवती का शव घर से कुछ दूरी पर एक खेत में खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतका मूकबधिर थी और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की। पूछताछ के दौरान सामने आया कि गांव के ही युवक लोकनाथ पटेल ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए थे। जांच में यह भी पता चला कि युवती गर्भवती थी और आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।इसी आधार पर पुलिस ने संदेही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि बदनामी के डर से उसने युवती को खेत में बुलाकर विवाद के दौरान पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, त्वरित कार्रवाई और सटीक जांच के चलते इस सनसनीखेज मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

