० कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट परिक्षेत्र बंद, सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए
बिलासपुर, 24 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित शासकीय कुक्कुट पालन परिक्षेत्र में पिछले पांच दिनों के भीतर 5 हजार से अधिक मुर्गा–मुर्गियों की मौत से हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक तौर पर इस घटना के पीछे बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही है। कोनी क्षेत्र में संचालित इस सरकारी पोल्ट्री फार्म में करीब 6 हजार से अधिक विभिन्न नस्लों के मुर्गा–मुर्गियों का पालन किया जाता है। 18 मार्च से अचानक मुर्गियों की मौत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया। हालात बिगडऩे पर मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर रायपुर से पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। एहतियात के तौर पर शासकीय पोल्ट्री फार्म को फिलहाल बंद कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौत का कारण क्या है। बताया जा रहा है कि यदि जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि होती है, तो फार्म के 5 किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर सभी पक्षियों को नष्ट करने की कार्रवाई की जा सकती है, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके। वहीं, इस मामले में शुरुआती स्तर पर सूचना देने में देरी को लेकर प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

