चंडीगढ़ 25 March, (Rns)- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चंडीगढ़ की और से एक प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन ,टैगोर थिएटर सेक्टर 18, चंडीगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के नाते श्री अतुल लिमये, सह सरकार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का रहना हुआ। अतुल जी ने संघ की अब तक की क्या यात्रा रही एवं संघ के आगामी लक्ष्य क्या हैं, इसकी जानकारी दी। अतुल जी ने बताया कि संघ का प्रमुख लक्ष्य देश में एकता के भाव का और संपूर्ण समाज की निस्वार्थ सेवा करने के भाव निर्माण करने है। संघ व्यक्ति निर्माण के कार्य में गत 100 वर्षों से सतत कार्य कर रहा है, किन्तु अभी भी हम प्रत्येक बस्ती एवं मंडल तक नहीं पहुंचे हैं, उसके लिए और अधिक शक्ति से प्रयास करने की आवश्यकता है।
इसके बाद कार्यक्रम में आए प्रमुख नागरिकों ने कुछ प्रश्न भी किए जैसे धर्मांतरण के विषय, नशे को लेकर, ब्रेन ड्रेन, संघ में महिलाओं की भूमिका आदि, जिनका अतुल जी ने विस्तार पूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ विभाग से लगभग 1000 प्रमुख नागरिकों ने इसमें भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के नाते सरदार हरनेश सिंह गिल, सेवानिवृत्त न्यायाधीश पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ रहे। सरदार हरनेश जी ने संघ के निस्वार्थ कार्य की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। सरदार हरनेश जी ने पंजाब में बढ़ते नशे के लिए गहरी चिंता जताई एवं संघ से भी इस विषय पर और अधिक कार्य करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में मंच पर सरदार इकबाल सिंह माननीय प्रान्त संघचालक पंजाब प्रान्त भी उपस्थित रहे एवं चंडीगढ़ के माननीय विभाग संघचालक श्री त्रिलोकी नाथ गोयल जी भी रहे।

