बिलासपुर 24 मार्च (आरएनएस) मस्तूरी ग्राम ठाकुरदेवा में किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। मुखबिर सूचना और स्थानीय नागरिकों की सतर्कता के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में देसी शराब जब्त की गई है।मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि ग्राम ठाकुरदेवा में एक किराना दुकान के जरिए अवैध रूप से देसी शराब बेची जा रही है। बीट के नागरिकों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा दी गई पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने तत्काल योजना बनाकर छापेमारी की।
उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में आरक्षक किसान राय और रमेश साहू की टीम ने मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान आरोपी विनोद मिरी उर्फ मजनू (42 वर्ष), निवासी ग्राम ठाकुरदेवा, अपनी दुकान में अवैध रूप से शराब बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 55 नग प्लेन देसी शराब और बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद जब्त किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से किराना दुकान की आड़ में शराब बेचकर अवैध लाभ कमा रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार पर रोक लगा दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश किया गया। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

