रायपुर, 25 मार्च (आरएनएस)। रायपुर से डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर के लिए रवाना हुए, जहां कुख्यात नक्सली लीडर अपने साथियों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने बताया कि आज पापाराव नामक नक्सली लीडर अपने साथियों और भारी हथियारों, जिनमें एके-47 भी शामिल हैं, के साथ समाज के सामने सरेंडर करेगा। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएगी।
गृहमंत्री ने दावा किया कि 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी 30 से 35 नक्सली ही बचे हैं, जिनका भी पुनर्वास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि नक्सली लीडर गणपति और मिशीर अभी सक्रिय हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च कोई उत्सव का दिन नहीं होगा, बल्कि इसके बाद भी सतर्कता बरतनी जरूरी होगी।
धर्मांतरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि यह कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लंबे समय से चल रही व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस्लाम या ईसाई धर्म अपनाता है तो उसे अनुसूचित जाति के लाभ नहीं मिलते, इसलिए सांस्कृतिक पहचान का महत्व बना रहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि धर्मांतरण के कारण गांवों में विभाजन की स्थिति पैदा हो रही है। उनके मुताबिक, माओवाद जहां वर्ग संघर्ष को बढ़ावा देने में पूरी तरह सफल नहीं हो सका, वहीं धर्मांतरण के कारण सामाजिक विभाजन बढ़ा है। आदिवासी समाज के एक बड़े वर्ग द्वारा डीलिस्टिंग की मांग भी उठाई जा रही है, जिस पर अंतिम निर्णय संवैधानिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय द्वारा लिया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

