रायपुर, 25 मार्च (आरएनएस)। रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कई अहम मुद्दों पर अपनी स्पष्ट प्रतिक्रिया देते हुए राज्य में अफीम की अवैध खेती पर सख्त रुख अपनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कहीं भी इस तरह की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में मामला सामने आने के बाद सभी कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिए गए थे। कई स्थानों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई कर अवैध खेती को चिन्हित भी किया गया है। साथ ही, कलेक्टरों की बैठक लेकर उनसे रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति बेहतर हुई है और ऊर्जा संसाधनों की उपलब्धता भी आसान हुई है।
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य देश से नक्सलवाद का पूर्ण खात्मा है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च की समय सीमा के बीच लगातार नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं और पापाराव जैसे बड़े नक्सली का सरेंडर इस दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने इसे राज्य और देश के लिए शुभ संकेत बताते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

