0 मजदूरों का आरोप-लापरवाही से हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा, 25 मार्च (आरएनएस)। जिले के रजगामार चैकी क्षेत्र में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी खाली करते समय ट्रेलर का हाइड्रोलिक जैक टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और कोरबा में मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह पास खड़े ट्रेलर की स्टेपनी बदलवा रहा था, तभी अचानक हादसा हो गया और उसकी जान चली गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिससे मजदूरों में आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि बचाव का मौका नहीं मिल सका। मौके पर मौजूद मजदूरों ने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना साइट पर लापरवाही के कारण हुई है। उनका कहना है कि घटना के समय साइट इंचार्ज मौजूद नहीं था और ट्रेलर को बिना निगरानी के खाली किया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा पहुंच रहे हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

