मेरठ 25 मार्च (आरएनएस)। लोहिया नगर क्षेत्र के रहने वाले युवक ने दहेज की डिमांड पूरी न होने पर तलाक देकर अपनी बीवी को घर से निकाल दिया। आरोप है कि शौहर और उसके घर वालों ने विवाहिता के मायके वालों पर लाठी-डंडों से हमला बोलकर पथराव करते हुए कई लोगों को घायल कर दिया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी सिटी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
लोहिया नगर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 17 फरवरी 2025 को सुहेब के साथ हुई थी। आरोप है कि दहेज में कार और फ्लैट की डिमांड करते हुए शौहर और अन्य ससुराल वाले अक्सर महिला के साथ मारपीट करते थे। इस बीच महिला ने एक बेटी को जन्म दिया। मगर, अगस्त 2025 में महिला के पति ने उसकी हत्या का प्रयास करते हुए तीन तलाक देकर महिला को घर से निकाल दिया।
इस मामले में कई बार पंचायत होने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो महिला ने अपने शौहर और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद ससुराल वाले गलती मानकर महिला को अपने साथ ले गए। मगर, एक बार फिर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। मंगलवार को महिला के पिता उससे मिलकर अस्पताल से वापस लौट रहे थे। आरोप है कि शौहर और अन्य ससुराल वालों ने रास्ते में पिता और अन्य घर वालों को रोककर उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
इस दौरान आरोपियों ने जमकर पथराव भी किया। जिसमें महिला का पिता अनीस अहमद और उसके बेटे घायल हो गए। हमले और पथराव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। मामला संज्ञान में आने पर एसपी सिटी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

