कोण्डागांव, 25 मार्च (आरएनएस)। जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में सुपोषित जीवन अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु विशेष डाइट की शुरुआत की गई। इस पहल का शुभारंभ मंगलवार को बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरपति पटेल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नई डाइट में एनआरसी में दिए जाने वाले नियमित आहार के साथ अतिरिक्त पोषक तत्वों को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत बच्चों को अंडा, दूध, ताजे फल, मूंगफली एवं गुड़ के लड्डू तथा सत्तू प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें संतुलित एवं सम्पूर्ण पोषण मिल सके।
यह पहल कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नई डाइट से बच्चों की रिकवरी दर में सकारात्मक प्रभाव आने की उम्मीद है, साथ ही उनकी ऊर्जा एवं प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होगी।
इस अभियान के क्रियान्वयन में यूनिसेफ द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। समग्र रूप से यह पहल पोषण पुनर्वास केंद्र में गुणवत्तापूर्ण देखभाल और बेहतर पोषण सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

