कोण्डागांव, 25 मार्च (आरएनएस)। जिला कोंडागांव में समावेशी शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मार्गदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, जिला मिशन समन्वयक ईमेल बघेल तथा एडीपीओ शीला शार्दुल द्वारा किया गया। यह प्रशिक्षण विकासखंड स्त्रोत केंद्र, कोंडागांव में आयोजित किया गया, जिसमें उन विद्यालयों के प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक एवं दिव्यांग बच्चों के पालक शामिल हुए, जहां दिव्यांग बच्चे अध्ययनरत हैं। प्रशिक्षण दो चरणों में संपन्न हुआ। प्रथम चरण में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य, व्याख्याता एवं पालकों को शामिल किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन, उन्हें शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। एडीपीओ ने शत-प्रतिशत नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
द्वितीय चरण में प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक, शिक्षक एवं पालकों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें कोंडागांव, फरसगांव, माकड़ी, केशकाल एवं बड़े राजपुर विकासखंड के प्रतिभागी शामिल हुए। इस सत्र में दिव्यांग बच्चों के सर्वे, चिन्हांकन एवं आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सौम्य देवांगन ने समावेशी शिक्षा, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 तथा दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोडऩे के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं मास्टर ट्रेनर स्मिता जोशी ने एस्कॉर्ट अलाउंस, ट्रांसपोर्ट अलाउंस एवं छात्रवृत्ति जैसी शासकीय सुविधाओं की जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर दीपक सिंह ने दिव्यांगता के कारण एवं रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। सहायक कार्यक्रम समन्वयक श्रीनिवास नायडू ने शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालय स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। समावेशी प्रभारी सहायक कार्यक्रम समन्वयक गुडिय़ा मरकाम ने राज्य शासन के निर्देशों के पालन संबंधी जानकारी दी। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समावेशी शिक्षा को प्रभावी बनाते हुए दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोडऩा, उन्हें विद्यालय स्तर पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पाठ्यक्रम को उनके अनुकूल बनाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण में प्रत्येक विकासखंड से बीआरपी प्रमिला दानी, शुभांगी देवांगन, करुणा साहू सहित स्पेशल एजुकेटर दीपक सिंह, गंगेश्वरी एवं पूर्णिमा सहित अन्य प्रतिभागियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल संचालन में सभी का सराहनीय योगदान रहा।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

