रुद्रपुर,25 मार्च (आरएनएस)। रुद्रपुर-पंतनगर हाईवे पर मंगलवार देर शाम हल्दी क्षेत्र में फॉरेस्ट्री के पास जंगल की ओर से एक हाथी अचानक बीच सड़क पर आ गया। यह घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। हाथी के सड़क पर आ जाने से दोनों ओर से आने-जाने वाला यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह थम गया। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पंतनगर के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए आग जलाकर और ढोल बजाकर हाथी को जंगल की ओर खदेडऩे का प्रयास किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका। सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, यह वही हाथी है जो अक्सर इस क्षेत्र में आकर सड़क की ओर निकल आता है। इससे हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय इस मार्ग पर सावधानी बरतने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

