रायपुर, 28 मार्च (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में राज्य में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस सिलेंडरों की उपलब्धता की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि राज्य में आवश्यक ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जो लोग स्थिति का फायदा उठाकर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निगरानी बढ़ाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार सहित आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के पेट्रोल-डीजल, और गैस डिवीजन के अधिकारी मौजूद रहे।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

