रुद्रपुर,25 मार्च (आरएनएस)। खटीमा में निर्मित सीएसडी कैंटीन का लोकार्पण 9 अप्रैल को प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों और स्टेशन कमांडर बनबसा ने कैंटीन का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में तैयार हो रही इस सीएसडी कैंटीन के लोकार्पण की तैयारियां जोरों पर हैं। करीब सात करोड़ की लागत से 16 बीघा क्षेत्र में कैंटीन के साथ सैनिक जनमिलन केंद्र का भी निर्माण किया गया है। बुधवार को निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सीपी कोठारी, एसडीएम तुषार सैनी, स्टेशन कमांडर बनबसा के प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष गंभीर सिंह धामी, सूबेदार मेजर धन सिंह सामंत, सहायक अधिकारी एसएस बिष्ट और खटीमा सैनिक कल्याण प्रतिनिधि कुंदन राम मौजूद रहे। पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष गंभीर सिंह धामी ने बताया कि लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आने की संभावना है। बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को ब्लॉक सभागार में पूर्व सैनिक संगठन की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें असम राइफल्स के पदाधिकारी और अन्य पूर्व सैनिक शामिल होंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

