नई दिल्ली ,25 मार्च,(आरएनएस)। लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
श्री बिरला ने अपने संदेश में कहा, भारत की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक आत्मा के अमिट प्रतीक, लोकमंगल, मर्यादा, करुणा और धर्म के दिव्य आलोक से समूचे राष्ट्रजीवन को आलोकित करने वाले हम सबके आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान प्रभु श्रीराम के पावन अवतरण दिवस श्रीराम नवमी की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।
प्रभु श्रीराम ने मानवता को त्याग, वचनबद्धता, समरसता, शौर्य और धर्ममय जीवन के ऐसे उज्ज्वल आदर्श दिए हैं, जो युगों से भारतीय चेतना के पथप्रदर्शक बने हुए हैं। उनका दिव्य चरित्र सुशासन, लोककल्याण, न्यायपूर्ण व्यवस्था और रामराज्य की उस महान अवधारणा का जीवंत स्वरूप है, जिसे हम आज भी श्रेष्ठ राष्ट्रनिर्माण के आदर्श के रूप में देखते हैं।
इस पावन अवसर पर मेरी मंगलकामना है कि हम सभी विकसित भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कर्तव्य, संस्कार और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढऩे का संकल्प लें। प्रभु श्रीराम की कृपा समस्त देशवासियों पर अनवरत बनी रहे, हर घर-आँगन सुख, शांति, समृद्धि और आनंद से भरा रहे, तथा उनके दिव्य आशीर्वाद से हमारा राष्ट्र निरंतर प्रगति, गौरव और सांस्कृतिक वैभव के नए शिखरों को प्राप्त करे
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

