इमरान हाशमी बॉलीवुड के साथ-साथ साउथ की फिल्मों में भी खूब धमाका कर रहे हैं। पिछले साल उन्हें पवन कल्याण की फिल्म दे कॉल हिम ओजी में देखा गया था जो सफल साबित हुई। अब वह अपनी आगामी फिल्म जी2 को लेकर चर्चा में हैं जिसमें से उनका पहला लुक जारी किया गया है। इसी के साथ फिल्म की रिलीज तारीख से भी पर्दा उठाया गया है। बता दें, जी2 2018 में आई गुडाचारी का सीक्वल है।
जी2 के मुख्य अभिनेता अदिवि शेष ने फिल्म से इमरान का पहला लुक साझा किया है। उन्होंने अभिनेता को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, इमरान सर को जन्मदिन की शुभकामनाएं! आपके साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है और डकैत की रिलीज के बाद जी2 की शूटिंग में साथ काम करने का बेसब्री से इंतजार है। पोस्टर में अभिनेता फुल एक्शन मोड में दिखे हैं, जिसने फैंस को काफी उत्साहित कर दिया है।
जी2 एक पैन-इंडिया फिल्म है जिसे 1 मई, 2026 को तेलुगु के अलावा, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि अदिवि अभिनीत फिल्म में, इमरान को नकारात्मक किरदार में देखा जाएगा। अभिनेत्री वामिका गब्बी भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन विनय कुमार सिरिगिनेडी ने किया है और यह उनकी पहली निर्देशित फिल्म भी है। निर्माण पीपुल मीडिया फैक्ट्री, एके एंटरटेनमेंट्स और अभिषेक अग्रवाल आर्ट्स के बैनर तले किया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

