सुल्तानपुर 26 मार्च (आरएनएस )। व्यवसाय के लिए प्लाटिंग की गई जमीन में रास्ते के विवाद को लेकर आपसी बैठक में समझौता न होने पर हिस्सेदारों द्वारा सरेशाम हत्या किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने तीन नामजद सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कुड़वार थाना क्षेत्र के कस्बे का है।बताया जाता है कि बुधवार सरेशाम हलियापुर–सुल्तानपुर मार्ग स्थित एक कॉम्प्लेक्स में खड़े माता प्रसाद पांडेय (55) पुत्र स्व. वशिष्ठ पांडेय निवासी पूरे बेनी माधव (नरवापार) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात मृतक के बेटे अवनीश पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता ने बांसी गांव निवासी अशोक तिवारी से चौहद्दी देकर जमीन लिखाई थी, जिसे लेकर हिस्सेदार रमेश मौर्य असंतुष्ट थे।आरोप है कि बुधवार दिन में जुड़इयापुर गांव में सतीश उपाध्याय के घर बैठक हुई, जिसमें रमेश मौर्य, सुरेंद्र शर्मा, रुस्तम, राहुल सिंह व अजय शुक्ला मौजूद थे। बैठक के दौरान मृतक और सुरेंद्र शर्मा के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि सुरेंद्र शर्मा और रमेश मौर्य यह कहते हुए वहां से चले गए कि थोड़ी देर रुको, अभी तुमसे रास्ता ले लेंगे।शाम करीब सात बजे कुड़वार कस्बे में कॉम्प्लेक्स के पास खड़े माता प्रसाद पांडेय पर दो बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में रमेश मौर्य, उसका बेटा अनुराग, सुरेंद्र शर्मा व एक अज्ञात व्यक्ति शामिल था।पुलिस ने बेटे की तहरीर पर तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।उधर,देर रात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार सुबह परिजन शव को लेकर राजघाट कुड़वार पहुंचे,जहां अंतिम संस्कार किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

