मेरठ 26 मार्च (आरएनएस)। भड़काऊ भाषण देने के मामले में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली को पुलिस नोटिस देकर मेरठ बुलाएगी। पुलिस शौकत अली पर पूर्व में दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटा रही है। वहीं इस मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किए गए महताब चौहान, इमरान अंसारी और रजी सिद्दीकी को बुधवार को जमानत मिल गई है।
हाजी शौकत अली सोमवार को हापुड़ रोड पर गांव हाजीपुर के सामने लब्बैक फार्म हाउस में ईद मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाषण देते हुए कहा था कि आप मुझे 111 नहीं 11 जिताकर उत्तर प्रदेश में दे दो। मैं वादा करता हूं कि उत्तर प्रदेश में अगर किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा।
इसका 36 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद उपनिरीक्षक शीलेंद्र सिंह की तरफ से लोहियानगर थाने में हाजी शौकत अली के साथ ही एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष फहीम रजा, महानगर अध्यक्ष यूथ ओवेश आलम, पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान, इमरान अंसारी, महानगर अध्यक्ष असजद और भीड़ में मौजूद अन्य अज्ञात पर बीएनएस की धारा- 196, 353(3), 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मंगलवार देर रात तीन नामजद आरोपियों महताब चौहान (पश्चिम यूपी अध्यक्ष, निवासी आशियाना कॉलोनी), इमरान अंसारी (महानगर अध्यक्ष, निवासी बुनकर नगर) और रजी सिद्दीकी (महानगर सचिव, निवासी करीम नगर) को गिरफ्तार किया था। इन पर पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई की। एसडीएम कोर्ट से बुधवार को तीनों को जमानत मिल गई।
वीडियो जुटाकर अज्ञात की पहचान कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि इस कार्यक्रम के लिए 500 लोगों की अनुमति मांगी गई थी। पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद कार्यक्रम किया गया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि कार्यक्रम में 350 लोगों ने शिरकत की थी। अज्ञात लोगों की पहचान के लिए कार्यक्रम की वीडियो फुटेज जुटाई जा रही है। कुछ वीडियो सोशल मीडिया से भी मिल गई हैं। शौकत अली व अन्य को नोटिस भेजकर बुलाया जाएगा। अगर वह नहीं आते तो उनके खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी कराया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

