लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने श्री गोविंद गुरु विश्वविद्यालय, गोधरा (गुजरात) के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अहम बैठक की। इस दौरान श्री गोविंद गुरु विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. अनिल सोलंकी, प्रो. जिग्नेश रावल, प्रो. अशोर, प्रो. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अखिल मित्तल तथा डॉ. हेमेन्द्र सिंह के साथ बीबीएयू के डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा तथा रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार मौजूद रहे।बैठक के दौरान कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रतिनिधिमंडल को समाजोन्मुख अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता संकाय सदस्यों के क्षमता निर्माण पर निर्भर करती है, क्योंकि वही जमीनी स्तर पर योजनाओं को लागू करते हैं। बेहतर शिक्षण-अधिगम के लिए छात्र-केन्द्रित दृष्टिकोण अपनाने पर भी बल दिया गया। साथ ही अधिक स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों के साथ सहयोग विकसित करने का सुझाव दिया गया।प्रतिनिधिमंडल ने बीबीएयू के नैक निरीक्षण के द्वितीय चक्र प्रत्यायन की सराहना करते हुए बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की श्रेष्ठ प्रथाओं को सीखना और उन्हें अपने संस्थान में लागू करना है। उन्होंने कहा कि बीबीएयू को एनआईआरएफ रैंकिंग और नैक प्रत्यायन में अच्छा स्थान प्राप्त है, जो अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान वित्त अधिकारी डॉ. ए. के. मोहंती, रजिस्ट्रार डॉ. अश्विनी कुमार सिंह तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव से भी संवाद किया गया।आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा ने वार्षिक गुणवत्ता आश्वासन रिपोर्ट प्रस्तुतिकरण, एसएसआर जमा करने की प्रक्रिया, एसएसएस, डीवीवी तथा पीटीवी से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नैक चक्र-1 से नैक चक्र-2 तक विश्वविद्यालय की यात्रा तथा इस दौरान सामने आई चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला।रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार ने अनुसंधान सुविधाओं, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) तथा इन्क्यूबेशन गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न प्रक्रियाओं का विवरण प्रस्तुत किया, जबकि उप-रजिस्ट्रार (वित्त) डॉ. आशीष रस्तोगी ने वित्तीय प्रक्रियाओं और निधि आवंटन प्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

