लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। थाना मदेयगंज क्षेत्र में देर रात कलेक्शन की धनराशि लेकर जा रहे युवक से लूट की घटना सामने आई है। घटना 25 मार्च 2026 को रात करीब 23:28 बजे दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट गली में हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मदेयगंज पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।प्रारंभिक पूछताछ में पीडि़त हर्ष जायसवाल पुत्र संजय कुमार जायसवाल निवासी सराय प्रेमराज, थाना काकोरी ने बताया कि वह मनीष जायसवाल निवासी दीनदयाल नगर खदरा, थाना मदेयगंज की स्वामित्व वाली शराब दुकानों से प्रतिदिन बिक्री की धनराशि उनके आवास तक पहुंचाने का कार्य करता है।बताया गया कि 25 मार्च की देर रात वह रोज की तरह बिक्री की धनराशि लेकर अपनी स्पलेण्डर मोटरसाइकिल से जा रहा था। जैसे ही वह दीनदयाल नगर की तरन्नुम वाली गली में पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और कलेक्शन से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसे चोट लग गई। घटना के बाद सभी बदमाश मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। घायल का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।इस मामले में पीडि़त हर्ष जायसवाल की तहरीर के आधार पर थाना मदेयगंज में मु0अ0सं0 38/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस उपायुक्त मध्य, अपर पुलिस उपायुक्त मध्य तथा सहायक पुलिस आयुक्त महानगर द्वारा सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन परीक्षण किया जा रहा है।पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रान्त वीर ने घटना के शीघ्र अनावरण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

