लखनऊ 26 मार्च (आरएनएस )। चिनहट क्षेत्र में युवक की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण कर तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम/सर्विलांस टीम पूर्वी जोन एवं थाना चिनहट की संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित आलाकत्ल चाकू, मृतक का मोबाइल फोन तथा एक अभियुक्त की रक्तरंजित चप्पल बरामद की है।पुलिस के अनुसार थाना चिनहट पर पंजीकृत मु0अ0सं0 157/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में सुसंगत साक्ष्य मिलने पर धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई। इस प्रकरण में प्रकाश में आए अभियुक्त अनस खान पुत्र अनीश खान (उम्र 19 वर्ष), आशु निषाद पुत्र सचिन निषाद (उम्र 19 वर्ष) तथा प्रियांशु गुप्ता पुत्र बृजेश कुमार गुप्ता (उम्र 21 वर्ष) निवासीगण कल्याणी विहार, कमता थाना चिनहट को 26 मार्च 2026 को किसान पथ सर्विस रोड पर ईमलियाबाधम मंदिर जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 24 मार्च 2026 को अभियुक्तों ने योजनाबद्ध तरीके से रितेश उर्फ बाला को उसके परिचित प्रियांशु गुप्ता के माध्यम से आवास संघ के खाली मैदान में बुलाया था। वहां पहले से मौजूद अनस खान, आशु निषाद तथा उनके एक अन्य साथी अरबाज ने मिलकर रितेश उर्फ बाला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।इस मामले में मृतक के पिता दयाशंकर सिंह पुत्र स्वर्गीय देवधारी सिंह निवासी कल्याणी विहार कॉलोनी, चिनहट द्वारा 25 मार्च 2026 को थाना चिनहट में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमे की विवेचना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र मिश्रा द्वारा की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया था और पूरे मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए थे।उच्चाधिकारियों के निर्देशन में फारेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। घटना के सफल अनावरण के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त अनस खान और आशु निषाद की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाडिय़ों से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त अभियुक्त अनस की रक्तरंजित चप्पल तथा अभियुक्त आशु के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी साक्ष्यों को सुरक्षित करते हुए उन्हें विवेचना में शामिल किया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों को भी गहनता से परखा जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

